छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान का कहर: पेड़ गिरने से 3 की मौत, बारिश से बचने के लिए खड़े थे नीचे 

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. पेड़ की भारी डंगाल (डाल) गिरने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पहाड़ गांव के एक आश्रित मोहल्ले में तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान पेड़ की भारी डंगाल (डाल) गिरने से तीन की मौत हो गई है. इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. (कोरबा से नानक सिंह राजपूत की र‍िपोर्ट)

बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान खुद को भीगने और आंधी से बचाने के लिए तीन लोग एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए. उन्हें अंदाज़ा नहीं था कि जिस पेड़ का वो सहारा ले रहे हैं, वही काल बन जाएगा. इसी बीच हवा के तेज झोंके के कारण पेड़ की एक भारी-भरकम डंगाल टूटकर सीधे बच्चों के ऊपर आ गिरी.

Advertisement

इलाज के दौरान तोड़ा दम

भारी डाल की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों की मदद से बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन दुर्भाग्यवश एक बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. वहीं, बाकी दो बच्चों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई. मृतकों की श‍िनाख्‍त कमलेश 18 वर्ष, दिनेश तिर्की  17 वर्ष व शिवराम टेकाम14 वर्ष के रूप में हुई है. सभी निवासी बाईसेमर चोरकाडांड ग्राम पंचायत पहाड़गांव थाना पाली के रहने वाले थे. 

गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी

एक साथ तीन युवकों की असमय मौत से पूरे पहाड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन है. घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है.

Topics mentioned in this article