इलाज को दर-दर भटक रहे कबीरधाम के समलू, बाइक पर स्ट्रेचर लगाकर पत्नी को लिटा मदद की आस लेकर पहुंचे कलेक्ट्रेट

नगवाही गांव के समलू मरकाम की पत्नी कपुरा मरकाम थायराइड कैंसर से जूझ रही हैं. हालत इतनी खराब कि चल-फिर नहीं सकतीं. इलाज के लिए समलू ने बाइक से लेकर मदद के लिए भटक रहे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
पत्नी को बाइक पर लिटाकर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा पति.

Kabirdham Hindi News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां एक पति अपनी बीमार पत्नी के इलाज के लिए हर दरवाज़ा खटखटा रहा है. हालात ऐसे हैं कि उसने अपनी मोटरसाइकिल को ही स्ट्रेचर बना दिया है और पत्नी को लेकर कलेक्टर ऑफिस तक पहुंच गया. ये कहानी सिर्फ एक परिवार की मजबूरी नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े करती है.

कबीरधाम जिले के नगवाही गांव में रहने वाले समलू मरकाम अपनी पत्नी कपुरा मरकाम के इलाज के लिए दर-दर भटक रहे हैं. पत्नी थायराइड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है और हालत इतनी नाजुक है कि चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया है.

Advertisement

जुगाड़ से बाइक पर बनाया स्ट्रेचर

आर्थिक तंगी के चलते समलू ने अपनी मोटरसाइकिल को ही जुगाड़ से स्ट्रेचर बना लिया. बाइक पर लकड़ी का पटिया लगाकर पत्नी को लिटाया और मदद की आस में कलेक्टर ऑफिस पहुंच गए. समलू बताते हैं कि इलाज के लिए उन्होंने अपनी पूरी जमा पूंजी खर्च कर दी. यहां तक कि जमीन बेच दी, घर गिरवी रख दिया और लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी पत्नी को राहत नहीं मिल पाई.

कर्ज के बोझ तले दबे समलू

एम्स अस्पताल से लेकर कई राज्यों के बड़े अस्पतालों तक इलाज कराया, लेकिन बीमारी ने साथ नहीं छोड़ा. अब हालात ये हैं कि समलू कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं. ये तस्वीर एक तरफ पति-पत्नी के अटूट रिश्ते और समर्पण को दिखाती है तो दूसरी तरफ, ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य सुविधाओं की सच्चाई भी उजागर करती है.

ये भी पढ़ें- Chhattisgarh: घर में घुसकर बदमाशों ने दो भाइयों पर चलाई गोलियां, बड़े भाई की मौत; छोटा घायल