Son Kills Father: जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने रिश्तों की सारी हदें तोड़ दीं. बेरोजगारी को लेकर मिले तानों से गुस्साए एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. यह वारदात बागबहार थाना क्षेत्र के हल्दी झरिया गांव की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
घटना जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हल्दी झरिया की है. मृतक की पहचान सदानंद नाग (45 वर्ष) के रूप में हुई है. आरोप है कि उनके बड़े बेटे विजय कुमार नाग (26 वर्ष) ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.
घरेलू विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन शाम करीब 4:30 बजे पिता और बेटे के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई. बताया गया कि सदानंद नाग अक्सर अपने बेटे को काम‑धंधा न करने को लेकर ताना दिया करते थे. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
गुस्से में खोया आपा
विवाद के दौरान मृतक ने कथित तौर पर अपने बेटे को गुलेल से मारने की कोशिश की. इसी दौरान विजय नाग आपा खो बैठा. गुस्से में उसने पास में रखे लकड़ी के टुकड़े से अपने पिता के सिर और माथे पर जोरदार वार कर दिया. चोट इतनी गंभीर थी कि सदानंद नाग की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. शव का पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने को मौत का कारण बताया गया है.
पत्नी के बयान से सामने आए तथ्य
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि आरोपी विजय नाग, सदानंद नाग की पहली पत्नी का बड़ा बेटा है. उन्होंने यह भी बताया कि पिता‑पुत्र के बीच पहले भी घरेलू मुद्दों को लेकर विवाद होता रहता था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय नाग को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है.
कानूनी कार्रवाई और जेल भेजा गया आरोपी
थाना बागबहार में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले की आगे की जांच जारी है.