छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) ने बीएससी कृषि के एक और प्रश्नपत्र के कथित तौर पर लीक होने के मामले में पुलिस जांच की मांग की है. अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय ने तेलीबांधा थाने के प्रभारी को पत्र लिखकर एपीबी (फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स) के प्रश्नपत्र के कथित लीक की जांच करने का अनुरोध किया है. यह परीक्षा 19 अगस्त को 28 कृषि महाविद्यालयों में आयोजित की गई थी.
विश्वविद्यालय की शिकायत के अनुसार, मामला बुधवार को एक राष्ट्रीय हिंदी दैनिक में खबर प्रकाशित होने के बाद सामने आया. अखबार के एक पत्रकार ने विश्वविद्यालय के सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी के साथ वॉट्सऐप के जरिए इस विषय के प्रश्नों और उत्तरों वाली एक पीडीएफ भी साझा की थी.
पांच सदस्यीय टीम गठित
विश्वविद्यालय ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है. प्रारंभिक जांच के दौरान समिति ने उन लिफाफों की जांच की, जिनमें प्रश्नपत्र एक कृषि महाविद्यालय को भेजे गए थे और बाद में उन्हें विश्वविद्यालय को वापस कर दिया गया था.
लिफाफों के साथ छेड़छाड़
विश्वविद्यालय ने कहा कि प्रथम दृष्टया जांच में लिफाफों के साथ छेड़छाड़ के संकेत मिले हैं. इनमें ‘फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स' का प्रश्नपत्र रखने वाला लिफाफा भी शामिल है. विश्वविद्यालय के अनुसार, ये संकेत पुलिस द्वारा जांच किए गए पिछले प्रश्नपत्र लीक मामले में मिले संकेतों से मिलते-जुलते हैं.
अधिकारियों ने बताया कि अखबार में प्रकाशित खबर की प्रतियां, कथित तौर पर लीक हुए प्रश्नों और उत्तरों वाली पीडीएफ, मूल प्रश्नपत्र तथा जांच समिति की रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है.
पुलिस ने की पुष्टि
तेलीबांधा थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है. यह घटनाक्रम आईजीकेवी की परीक्षाओं से जुड़े कथित प्रश्नपत्र लीक के सिलसिले के बीच सामने आया है.
दो परीक्षाएं रद्द की
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के एक निजी महाविद्यालय के एक प्रोफेसर और पांच छात्रों को 22 अगस्त को आईजीकेवी के प्रश्नपत्र के कथित लीक के मामले में गिरफ्तार किया गया था. परीक्षा की सुबह 20 अगस्त को कथित तौर पर प्रश्नपत्र लीक होने का पता चलने के बाद बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के ‘एंटोमोलॉजी' (कीट विज्ञान) विषय की परीक्षा रद्द कर दी गई थी.
वहीं, 24 अगस्त को आईजीकेवी ने सात अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की ‘प्लांट पैथोलॉजी' (पादप रोग विज्ञान) की परीक्षा भी रद्द कर दी थी. पुलिस जांच में प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि के बाद यह कदम उठाया गया था.
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज: साय कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें, सुस्त मंत्रियों पर गिर सकती है गाज!
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)