भारत–अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता छत्तीसगढ़ के लिए नए आर्थिक अवसरों का द्वार खोलेगा- मुख्यमंत्री साय

भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के लिए नए आर्थिक अवसरों का द्वार बताया है. उन्होंने कहा कि इससे MSME सेक्टर, वन उत्पाद, हस्तशिल्प, कृषि और वस्त्र उद्योग को अमेरिकी बाजार तक पहुंच मिलेगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

India US Trade Agreement: भारत और अमेरिका के बीच हुआ अंतरिम व्यापार समझौता छत्तीसगढ़ के लिए नई संभावनाओं का संदेश लेकर आया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि यह समझौता राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और स्थानीय उद्योगों, किसानों व युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ यह कदम भारत की वैश्विक आर्थिक स्थिति को और मजबूत करने वाला है.

MSME सेक्टर को मिलेगा अमेरिकी बाजार का रास्ता

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस समझौते से छत्तीसगढ़ के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) को सीधे अमेरिकी बाजार तक पहुंच मिलेगी. इससे राज्य के छोटे कारोबारियों को अपने उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेचने का अवसर मिलेगा, जो अब तक सीमित बाजारों तक ही सिमटे हुए थे.

वन उत्पाद, हस्तशिल्प और कृषि को मिलेगा बढ़ावा

सीएम ने कहा कि इस समझौते का सबसे बड़ा फायदा राज्य के वन-आधारित उत्पादों, हथकरघा और हस्तशिल्प, वस्त्र तथा कृषि उत्पादों को होगा. इन क्षेत्रों में निर्यात बढ़ने से न केवल निवेश के नए रास्ते खुलेंगे, बल्कि रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ेंगे.

किसानों और ग्रामीण आजीविका की सुरक्षा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह भी स्पष्ट किया कि इस व्यापारिक समझौते में किसानों के हितों और ग्रामीण आजीविका की पूरी सुरक्षा का ध्यान रखा गया है. उन्होंने कहा कि इससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा.

Advertisement

महिला सशक्तिकरण और ‘मेक इन इंडिया' को मजबूती

सीएम साय के अनुसार, यह समझौता महिला सशक्तिकरण को भी नई गति देगा. साथ ही, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलने से ‘मेक इन इंडिया' अभियान और मजबूत होगा और छत्तीसगढ़ के उत्पाद दुनिया भर में अपनी जगह बना सकेंगे.

विकसित भारत 2047 की दिशा में छत्तीसगढ़ की भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने में छत्तीसगढ़ एक सशक्त और सक्रिय भागीदार के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है. उनके मुताबिक, भारत–अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता राज्य के समावेशी और सतत आर्थिक विकास को नई गति देगा और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम साफ दिखाई देंगे.

Advertisement