Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में भाजपा समर्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं. बीच सड़क पर मालवाहक ट्रक रोककर यातायात बाधित करने और शासकीय कार्य में रुकावट डालने के आरोप में उनके खिलाफ भांसी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है.
पूरा मामला भांसी थाना क्षेत्र के सातधार चौक के पास का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार अरविंद कुंजाम अपने कुछ साथियों के साथ बीच सड़क पर एक ट्रक को रोककर उससे बहस करने लगे. ट्रक के सड़क पर खड़े हो जाने से दोनों ओर से यातायात पूरी तरह ठप हो गया. राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सायरन बजते ही भड़के, FSL टीम से उलझे
इसी दौरान सुकमा जिले से शासकीय कार्य के लिए दंतेवाड़ा जा रही पुलिस विभाग की एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. टीम में एक महिला कर्मचारी, दो वैज्ञानिक अधिकारी, एक कांस्टेबल और वाहन चालक शामिल थे.
ड्राइवर ने पहले हॉर्न बजाकर रास्ता देने का अनुरोध किया, लेकिन सड़क खाली नहीं होने पर सायरन बजाया गया. आरोप है कि सायरन बजते ही अरविंद कुंजाम और उनके साथ मौजूद लोग भड़क गए और सरकारी वाहन को रोककर एफएसएल टीम से उलझ गए.
गाली-गलौज और धमकी का आरोप
एफआईआर के मुताबिक जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने अपने पद का रौब दिखाते हुए सरकारी कर्मचारियों से गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार किया. आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई.
काफी देर बाद स्थिति सामान्य हुई, जिसके बाद एफएसएल टीम दंतेवाड़ा पहुंची और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत थाने में दी. शिकायत के आधार पर दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली में शून्य पर प्रकरण दर्ज कर मामला भांसी थाने भेजा गया.
किन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार अरविंद कुंजाम के खिलाफ सड़क जाम करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज, धमकी देने और शासकीय कर्मचारियों से अभद्रता से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
उपाध्यक्ष की सफाई
वहीं, इस पूरे मामले पर अरविंद कुंजाम ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उस वाहन में कौन सवार था. उन्होंने दावा किया कि मौके पर भारी भीड़ थी और वे केवल सड़क क्लियर कराने गए थे.
भाजपा की छवि पर सवाल
लगातार इस तरह के विवाद सामने आने से क्षेत्र में भाजपा की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. अब देखना होगा कि पार्टी इस मामले में क्या रुख अपनाती है और आगे क्या कार्रवाई होती है.