Congress Protest Police Injury FIR: दुर्ग जिले में कांग्रेस के एक प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त बिगड़ गए, जब पुतला दहन के समय लगी आग की चपेट में आकर दो पुलिसकर्मी झुलस गए. यह प्रदर्शन एक मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में किया जा रहा था. अब इस मामले में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है. घटना के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर तीखा हमला बोला है.
पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के विरोध में प्रदर्शन
दरअसल, दुर्ग के उतई थाना क्षेत्र में हाल ही में एक पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म की घटना सामने आई थी. जानकारी के मुताबिक, बच्ची स्कूल से लौटते समय चॉकलेट खरीदने गई थी, तभी आरोपी उसे बहला‑फुसलाकर अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया. वारदात के बाद आरोपी बच्ची को बोरी में बंद कर कुएं के पास फेंक गया. मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई और बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मिनी माता चौक पर कांग्रेस का पुतला दहन
इस जघन्य घटना के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने रविवार को उतई के मिनी माता चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया. दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर जुटे. प्रदर्शन के दौरान प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया गया.
ज्वलनशील पदार्थ से भड़की आग
पुतला दहन के समय पुतले पर ज्वलनशील पदार्थ डाला गया, जिससे आग अचानक तेज हो गई. पुलिस जब पुतला दहन को रोकने की कोशिश कर रही थी, तभी कार्यकर्ताओं और जवानों के बीच खींचतान और हल्की झूमा‑झटकी हो गई. इसी दौरान दो पुलिसकर्मी आग की चपेट में आ गए और झुलस गए. आरक्षक गिरधर मंडावी के बाएं हाथ की कलाई गंभीर रूप से झुलस गई.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR
घटना के बाद उतई थाना पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है. FIR फिलहाल अज्ञात लोगों के नाम पर दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन बिना अनुमति के किया गया था और पुतला दहन के दौरान नियमों का उल्लंघन हुआ. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके के वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद FIR में नाम जोड़े जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज का सरकार पर हमला
घटना के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार को जमकर घेरा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीजेपी सरकार के दौरान जंगलराज कायम हो गया है. अपराधियों का डर‑भय खत्म हो चुका है. उन्होंने भैरमगढ़ में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दुर्ग‑भिलाई में पांच साल की बच्ची से रेप, अंबिकापुर में अधेड़ महिला से दुष्कर्म और रायपुर में असुरक्षा की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में रेप, हत्या, लूट और चाकूबाजी चरम पर है.
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है और सरकार कहीं नजर नहीं आती. उन्होंने कहा कि कई गंभीर मामलों में बीजेपी के नेता या कार्यकर्ता शामिल पाए गए हैं और सरकार के संरक्षण में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. बैज ने सवाल उठाया कि आखिर प्रदेश की कानून व्यवस्था कहां है और जनता कब तक भगवान भरोसे रहेगी.