5 साल की बच्ची से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, बोरी में बांधकर फेंका; आक्रोशित ग्रामीणों का थाने का घेराव

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची के साथ हुई गंभीर वारदात से इलाके में आक्रोश फैल गया है. बच्ची लापता होने के दो घंटे बाद बोरी में बंद हालत में कुएं के पास मिली. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और जांच जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Durg Minor Rape Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. भिलाई के उतई थाना क्षेत्र में एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ घिनौनी वारदात की गई. वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को बोरी में बंद कर कुएं के पास फेंक दिया. जैसे ही यह मामला सामने आया, पूरे इलाके में गुस्सा और आक्रोश फैल गया. सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, उतई थाने पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे.

लापता हुई बच्ची दो घंटे बाद मिली

घटना उतई थाना क्षेत्र के बंजारी पारा की है. दोपहर करीब 12 बजे मोहल्ले से 5 साल की बच्ची अचानक लापता हो गई. परिजन और ग्रामीण इधर‑उधर उसे ढूंढ़ते रहे. करीब दो घंटे की तलाश के बाद बच्ची एक खंडहर के पास खुले झाड़ियों में कुएं के किनारे बोरी में बंद हालत में मिली. बोरी से बच्ची का पैर बाहर दिख रहा था और उसका मुंह तकिया के कवर से बांधा गया था.

Advertisement

मासूम को बेहोशी की हालत में तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. बच्ची बेहद डरी और सहमी हुई थी. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया. मेडिकल परीक्षण के बाद पता चला कि उसका दुष्कर्म हुआ है. फिलहाल बताया जा रहा है कि बच्ची की हालत स्थिर है.

अपहरण और दुष्कर्म की पुष्टि

उतई थाने में दोपहर करीब 2 बजे बच्ची के लापता होने की सूचना दी गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संवेदनशीलता के साथ खोजबीन शुरू की. जांच में सामने आया कि बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया. घटनास्थल पर पुलिस के साथ सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल की टीम भी पहुंची है.

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. आरोपी बच्ची का पड़ोसी बताया जा रहा है. पुलिस ने कहा है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सांसद विजय बघेल अस्पताल पहुंचे 

घटना की जानकारी मिलने के बाद दुर्ग सांसद विजय बघेल जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित बच्ची व उसके परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए बच्ची की हालत को लेकर जानकारी ली और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की बात कही.

Advertisement

ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव

घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण उतई थाने पहुंच गए. महिलाओं की संख्या भी काफी अधिक थी. ग्रामीण थाने में बंद आरोपी को सामने लाने और उसे सौंपने की मांग करने लगे. नारेबाजी के बीच माहौल काफी गर्म हो गया. ग्रामीणों की भीड़ बढ़ने पर थाने में धक्का‑मुक्की की स्थिति बन गई. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को थाने का दरवाजा बंद करना पड़ा. मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी को कानून के तहत सजा दिलाई जाएगी और मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है.