Petrol Excise Duty Cut: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डीजल पर उत्पाद शुल्क समाप्त करने और पेट्रोल पर 10 रुपये की कटौती करने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है. साय ने इसे 140 करोड़ नागरिकों को सीधी राहत देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया. दरअसल, केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में उछाल से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया है और डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है.
डीजल टैक्स फ्री, पेट्रोल पर भी एक्साइज में भारी कटौती
वित्त मंत्रालय द्वारा 26 मार्च की देर रात जारी एक अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि डीजल पर यह शुल्क पहले के 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दिया गया है. मंत्रालय ने कहा कि शुल्क में यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस निर्णय से देश के प्रत्येक परिवार, किसान, श्रमिक और मध्यमवर्ग को व्यापक राहत मिलेगी.
सीएम साय ने PM का जताया आभार
उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में भी केंद्र सरकार द्वारा आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ न बढ़ने देना एक बड़ी संवेदनशील पहल है, जो आमजन के जीवन को सीधे प्रभावित करेगी. सीएम साय ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए छत्तीसगढ़ की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्णय ले रही है. यह फैसला प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता, संवेदनशीलता और देशवासियों के प्रति समर्पण का सशक्त उदाहरण है.
ये भी पढ़ें: IPL 2026: छत्तीसगढ़ में RCB का डबल धमाका, मुंबई और KKR से होगी टक्कर, विराट-रोहित लगाएंगे चौके-छक्के