लॉकडाउन का प्यार निकला धोखेबाज: लव मैरिज के बाद किसी और को दे बैठा दिल, पत‍ि के बचाव में उतरी दूसरी बीवी

लॉकडाउन के दौरान छत्तीसगढ़ की एक महिला को गाजियाबाद के मोहम्मद सलीम नाम के युवक से प्यार हुआ, जो उसे दिल्ली ले गया और मंदिर में शादी का भरोसा देकर साथ रखने लगा. कई साल साथ रहने के बाद जब युवक ने दूसरी शादी कर ली, तो महिला ने छत्तीसगढ़ के खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी की दूसरी पत्नी अपने पति का बचाव कर रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी और पहचान छिपाने से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. एक महिला ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले युवक पर शादी का झांसा देकर साथ रखने और फिर दूसरी शादी रचाने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

कपड़े बेचता था सलीम मोहम्‍मद

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का निवासी मोहम्मद सलीम कपड़े बेचने का काम करता है. शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि लॉकडाउन के दौरान दोनों का संपर्क हुआ था और उनकी पहचान बढ़ी थी. इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ दिल्ली ले गया, जहां उसने मंदिर में विवाह करने का विश्वास दिलाया और उसे अपने साथ रखा.

Advertisement

खरसिया थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज

महिला का कहना है कि वह कई वर्षों तक उसके साथ पत्नी की तरह रही. इसी बीच आरोपी ने कथित तौर पर एक दूसरी महिला से भी विवाह कर लिया. जब पीड़िता को इस दूसरी शादी की जानकारी मिली, तो उसने रायगढ़ के खरसिया थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. इस मामले को लेकर कुछ स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी पुलिस से संपर्क कर आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

दूसरी पत्नी ने आरोपों को बताया गलत 

वहीं, दूसरी ओर आरोपी की दूसरी पत्नी अपने पति के बचाव में उतर आई है और उसने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है. उसका कहना है कि उसने अपनी मर्जी से सलीम के साथ विवाह किया है और वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है. इधर, पुलिस हिरासत में आरोपी ने दूसरी शादी करने की बात तो स्वीकार की है, हालांकि उसने पहली महिला को किसी भी तरह का धोखा देने या अन्य आरोपों से साफ इनकार किया है. 

इस पूरे मामले पर रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है. जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- MP से BJP के राज्यसभा उम्मीदवारों ने भरा नामांकन पत्र, जानिए क्या बोले रजनीश अग्रवाल और तरुण चुघ

Advertisement
Topics mentioned in this article