साले की शादी में जीजा का खूनी खेल, हथौड़े से वार कर पत्नी की जान ली, साली को भी मौत के मुंह में झोंका

Chhattisgarh News: सूरजपुर के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सरहरी गांव में पत्नी के मायके में रहने से नाराज पति ने हथौड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी और साली को गंभीर रूप से घायल कर दिया. शादी के घर में हुई इस वारदात के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने मामूली पारिवारिक विवाद को खूनी संघर्ष में बदल दिया. पत्नी के मायके में रहने से नाराज आरोपी ने अपनी ही पत्नी और साली पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पत्नी की मौत हो गई. साली की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है. वारदात के बाद आरोपी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.

सरहरी गांव में वारदात से सनसनी

यह पूरा मामला सूरजपुर के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सरहरी गांव का है, जहां गणेश कुशवाहा ने इस वारदात को अंजाम दिया. पत्नी के मायके जाने से नाराज आरोपी ने अपनी पत्नी यशोदा कुशवाहा पर हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी. साली गंगोत्री कुशवाहा को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.

बीच-बचाव करने आई नतिनी पिंकी भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई. इस घटना से घर की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. आरोपी के साले की शादी थी और इसी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह अपने गांव रेवटी से ससुराल सरहरी आया हुआ था.

छह महीने से मायके में रह रही थी पत्नी

घर में शादी का माहौल था, लेकिन आरोपी के मन में नाराजगी भरी हुई थी. उसकी पत्नी पिछले छह माह से अपने मायके में रह रही थी, जिससे वह काफी समय से नाराज बताया जा रहा था. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी पर हथौड़े से वार कर दिया.

Advertisement

पुलिस ने गठित की टीमें

सूरजपुर के एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची. शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.