Man Climbs Electric Tower: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो पत्नियों को एक साथ रखने की जिद में एक युवक नशे की हालत में 50 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया. नीचे लोगों की भीड़ लगी रही, ऊपर जान का खतरा मंडराता रहा और बीच में पुलिस समझाने में लगी रही. करीब एक घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद किसी तरह युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया.
टावर पर चढ़ते ही जमा हो गई भीड़
यह पूरा मामला भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंडरा का है. बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय यादराम साहू, जो पेशे से किसान है, शराब के नशे में टावर पर जा चढ़ा. उसे इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीण घबरा गए और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई. हर किसी को डर था कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए.
पुलिस ने दिखाई सूझबूझ
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली. युवक को नीचे उतारना आसान नहीं था, क्योंकि वह नशे में था और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था. पुलिस ने लाउडस्पीकर का सहारा लिया और काफी देर तक समझाने की कोशिश की. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.
दो पत्नियों के विवाद से परेशान था युवक
गांव वालों के मुताबिक, यादराम साहू पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने बाद में अपनी प्रेमिका से भी शादी कर ली. अब वह दोनों को एक ही घर में साथ रखने की जिद कर रहा था, जिसे लेकर परिवार में लगातार विवाद हो रहा था. इसी तनाव के चलते उसने यह जोखिम भरा कदम उठाया.
पहले भी कर चुका है ऐसी हरकत
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब युवक ने ऐसा किया हो. एक दिन पहले भी वह टावर पर चढ़ गया था, तब ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर उसे नीचे उतारा था. लेकिन अगली ही दिन उसने फिर वही हरकत दोहरा दी, जिससे लोग और ज्यादा चिंतित हो गए.
वीडियो न बनाने की करता रहा अपील
जब युवक नीचे उतर रहा था, तब वह बार-बार लोगों से उसका वीडियो न बनाने की अपील करता नजर आया. हालांकि, मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में कैद कर लिया. आखिरकार पुलिस की कोशिश सफल रही और युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर गांव के सरपंच और उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया.