Census 2027: स्व-गणना की आज से हुई शुरुआत, खुद भी पोर्टल पर भर सकते हैं जानकारी; 1 मई से होगा घर-घर सर्वे

Census 2027 in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जनगणना 2027 के पहले चरण की तैयारी पूरी हो गई है. 1 मई से 30 मई 2026 तक “मकान सूचीकरण और मकानों की गणना” होगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Census in Baloda Bazar: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में जनगणना 2027 के पहले चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. भारत सरकार के निर्देशानुसार “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (हाउस लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस)” का कार्य राज्य में 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा. इसके पहले आम नागरिकों को 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का अवसर दिया गया है, जिसके तहत लोग ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी स्वयं भर सकेंगे.

स्व-गणना की इस प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाया गया है. परिवार का मुखिया या कोई भी सदस्य मात्र 15 से 20 मिनट में यह जानकारी दर्ज कर सकता है. स्व-गणना पूर्ण करने के बाद संबंधित परिवार को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा. बाद में जब प्रगणक घर पहुंचेंगे, तब इस आईडी के माध्यम से भरी गई जानकारी का सत्यापन कर अंतिम रूप से सबमिट किया जाएगा.

Advertisement

ये जानकारी जुटाई जाएगी

बता दें कि प्रथम चरण के तहत 1 मई से 30 मई के बीच प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र करेंगे. इसमें भवन की स्थिति, मकान का प्रकार (कच्चा, पक्का या अर्ध-पक्का), उपयोग (आवासीय, व्यावसायिक या अन्य), परिवारों की संख्या और उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का विवरण शामिल रहेगा. साथ ही पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस या अन्य ईंधन तथा इंटरनेट और संचार सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी.

जिले 62000 से ज्यादा कर्मचारियों की तैनाती

इस व्यापक अभियान को सफल बनाने के लिए बलौदा बाजार जिले में 1996 प्रगणक और 336 सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई है. वहीं, राज्यभर में 62,500 से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है. सभी प्रगणक अधिकृत पहचान पत्र के साथ घरों तक पहुंचेंगे, जिससे नागरिक उनकी पहचान सुनिश्चित कर सकें. नागरिक केवल अधिकृत गणनाकर्मियों को ही जानकारी दें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें.

प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण और सरकारी योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा. किसी भी व्यक्ति विशेष की निजी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी.

कलेक्टर ने की अपील

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि जनगणना 2027 की शुरुआत हो रही है. आज मैंने भी ऑफिस पहुंच कर अपने परिवार की जानकारी जनगणना के पोर्टल पर अपलोड की है. उन्होंने नागरिकों को बताया कि 15 से 20 मिनट का समय जनगणना के लिए निकालें और अपनी जानकारी प्रस्तुत करें. लोगों द्वारा दी गई जानकारी सुरक्षित रहेगी. नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं, स्व-गणना का अधिकतम लाभ उठाएं और सटीक व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं.

Advertisement