बिलासपुर एयरपोर्ट से उड़ानों पर संशय, कब बंद हो रही बुकिंग? समर शेड्यूल में देरी

Bilaspur Airport Flights: बिलासपुर के बिलासा दाई केवट एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल जारी न होने से उड़ानों को लेकर असमंजस बना हुआ है. अप्रैल के बाद की बुकिंग बंद होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

bilaspur airport flights: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के बिलासा दाई केवट एयरपोर्ट से उड़ानों को लेकर इन दिनों असमंजस की स्थिति बनी हुई है. 28 मार्च को विंटर शेड्यूल समाप्त होने जा रहा है, लेकिन अब तक एयर कंपनियों ने समर शेड्यूल जारी नहीं किया है. ऐसे में यात्रियों, व्यापारियों और शहरवासियों की चिंता लगातार बढ़ रही है, क्योंकि उड़ानों के संचालन को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

बुकिंग पर असर, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

बिलासा बाई केवट एयरपोर्ट को पूर्ण विकसित करने का संघर्ष पिछले 7 वर्षों से जारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति यात्रियों के लिए नई परेशानी लेकर आई है. बिलासपुर से दिल्ली समेत अन्य शहरों के लिए फ्लाइट्स की बुकिंग केवल अप्रैल के पहले सप्ताह तक ही खुली है. समर शेड्यूल जारी नहीं होने के कारण आगे की बुकिंग पूरी तरह रुकी हुई है, जिससे यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो रही हैं.

Advertisement

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, नए शेड्यूल में फ्लाइट्स की संख्या बढ़ सकती है और इवनिंग स्लॉट में भी उड़ानों की संभावना है. साथ ही इंडिगो की नई फ्लाइट शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो सकती है. हालांकि, आधिकारिक शेड्यूल जारी होने से पहले कुछ भी स्पष्ट नहीं है.

स्थानीय लोगों और समिति ने जताई चिंता

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति और स्थानीय नागरिकों ने इस अनिश्चितता पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि लंबे समय से बिलासपुर में हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग की जा रही है, लेकिन इस तरह की देरी से यात्रियों को परेशानी हो रही है.

कई लोगों ने पहले से यात्रा की योजना बना रखी है, लेकिन फ्लाइट कन्फर्म न होने से वे असमंजस में हैं. समिति ने अलायंस एयर से जल्द समर शेड्यूल जारी करने की मांग की है, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और यात्रियों को राहत मिल सके.

29 मार्च तक शेड्यूल जारी होने की उम्मीद

फिलहाल सभी की नजरें समर शेड्यूल पर टिकी हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि 29 मार्च तक नया शेड्यूल जारी हो सकता है, जिससे उड़ानों को लेकर बना संशय खत्म होगा और बिलासपुर की हवाई सेवाओं को नई दिशा मिल सके. 

Advertisement

एन बिरेन सिंह(एयरपोर्ट डायरेक्टर बिलासपुर) ने कहा क‍ि समर शेड्यूल 29 मार्च से शुरू होने वाला है. उसके लिए कुछ नई फ्लाइट्स की व्यवस्था की जा रही है. एयरलाइंस की ओर से फ्लाइट की सुविधा थी, लेकिन लोगों के हिसाब से टाइमिंग सही नही बैठती थी. बिलासपुर और दिल्ली में टाइमिंग मिसमैच की वजह से समस्याएं आती थी, जिससे दोनों जगह कार्यों में बाधा आती थी. बिलासपुर में समर शेड्यूल के तहत 4:30 बजे की रूट प्लानिंग रहेगी, जिसके तहत बिलासपुर और दिल्ली में कार्यों का तालमेल बना रहे. दिल्ली एयरपोर्ट ने भी रुचि दिखाई है. फिलहाल वे जब तक शेड्यूल नहीं भेजेंगे हम कुछ कह नहीं सकते.