Minor Gang Rape Case India: बीजापुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और दोस्ती दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. भैरमगढ़ क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ उसके ही परिचित युवकों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
शनिवार रात को दिया वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल की शनिवार रात की है. भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को उसके ही परिचित युवकों ने बहला‑फुसलाकर घर से बाहर बुलाया. घूमने के बहाने उसे सुनसान इलाके में जंगल की ओर ले जाया गया, जहां सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी हरकत को अंजाम दिया.
पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज
घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी. परिजन रविवार सुबह भैरमगढ़ थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया. बीजापुर पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के साथ‑साथ पॉक्सो एक्ट की सख्त धाराओं में केस दर्ज किया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू की.
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
भैरमगढ़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में अंकित परबुलिया, लक्ष्मीनाथ लेकाम, सुनील परबुलिया और जातवेद मोड़ियाम शामिल हैं. पांचवां आरोपी नाबालिग है, जिसे विधि अनुसार संरक्षण में लिया गया है. सभी से पूछताछ जारी है.
सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया
भैरमगढ़ थाना प्रभारी ईकेश्वर नाग ने बताया कि पीड़िता आरोपियों से पहले से परिचित थी और उनके साथ घूमने के नाम पर गई थी. देर रात वारदात को अंजाम दिया गया. सुबह शिकायत मिलते ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. सोमवार को सभी को दंतेवाड़ा कोर्ट में पेश किया जाएगा.
इलाके में दहशत और गुस्सा
इस सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद भैरमगढ़ और आसपास के गांवों में लोगों में गहरा आक्रोश है. लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज को शर्मसार करती हैं और ऐसे अपराधियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.