Balrampur Children Drowned in River: बलरामपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नदी में नहाने गए 4 और 5 साल के दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है. परिजनों का रो‑रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए.
यह पूरा मामला बलरामपुर जिले के सामरी पथ थाना क्षेत्र के सुदूर अंचल में बसे भुताही गांव का है. बताया जा रहा है कि तीन छोटे बच्चे नदी में नहाने गए थे. इनमें से दो बच्चे पानी में उतर गए, जबकि एक बच्चा डर की वजह से नदी किनारे ही खड़ा रहा.
गहरे पानी में चले गए दोनों मासूम
नदी में उतरने वाले दोनों बच्चे नहाते‑नहाते गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे. यह देख नदी किनारे खड़ा तीसरा बच्चा घबरा गया और दौड़कर गांव पहुंचा. उसने परिजनों को हादसे की जानकारी दी. परिजन तुरंत नदी के पास पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बच्चे पानी में लापता हो चुके थे.
मासूमों की पहचान
डूबने वाले बच्चों की पहचान कुमारी कोरवा (उम्र 4 वर्ष), पिता शंकर कोरवा, निवासी ग्राम भुताही और अमरजीत कोरवा (उम्र 5 वर्ष), पिता राम साइन कोरवा, निवासी ग्राम सबाग के रूप में हुई है. दोनों बच्चे कपड़े उतारकर नदी किनारे नहा रहे थे, तभी हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही सामरी पथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की गई. कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों मासूम बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले जा सके.
पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम के लिए
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ सके. इस हादसे के बाद भुताही गांव में मातम का माहौल है. मासूम बच्चों की असमय मौत से हर कोई शोक में डूबा है. परिजनों का दुख देख गांव के लोग भी खुद को संभाल नहीं पा रहे हैं.