छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में हुई 28 वर्षीय पुष्पा ध्रुव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी और मृतिका के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध थे, और इसी संबंध से उपजे विवाद के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
देवर से भाभी के अवैध संबंध
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका अपनी सगी भाभी पुष्पा ध्रुव के साथ पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ था. आरोपी के अनुसार, करीब दो महीने पहले दोनों साथ में घूमने भी गए थे. इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, जिसके बाद महिला गर्भवती हो गई थी.
सामाजिक बदनामी के डर से दी दर्दनाक मौत
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि गर्भवती होने के बाद महिला अपने पति को छोड़कर आरोपी पर साथ रखने और उनके संबंध को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने का लगातार दबाव बना रही थी. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सामाजिक बदनामी और लोक-लाज के डर से बेहद परेशान था. उसने महिला को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो उसने उसकी हत्या करने की साजिश रच डाली.
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन आरोपी ने महिला को पहले छत से नीचे धक्का दे दिया. इसके बाद भी जब उसे लगा कि महिला जीवित है और बच सकती है, तो उसने पास ही पड़े ईंट-पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटनास्थल पर कराया गया क्राइम सीन रीक्रिएशन
सिटी कोतवाली पुलिस आरोपी को लेकर एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची. यहाँ पूरी घटना का पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रीक्रिएशन) कराया गया और हत्या में प्रयुक्त वस्तुओं तथा साक्ष्यों का भौतिक सत्यापन किया गया. पुलिस ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं.
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केवंट ने बताया कि मामले की तफ्तीश के दौरान संदेही देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई थी. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध पूरी तरह स्वीकार कर लिया. आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.