'भूपेश बघेल बस्तर आएंगे तो दूसरा झीरम कांड हो जाएगा', आखिर खुद सीएम ने ऐसा क्यों कहा?

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर बदल रहा है अब यहां फर्जी मुठभेड़ नहीं होती. बस्तर में आज नक्सली हैं तो पर बस किनारे-किनारे कुछ इलाकों में.

विज्ञापन
Read Time: 15 mins

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने दो दिवसीय प्रवास पर बस्तर पहुंचे हैं. इस दौरान पहले दिन उन्होंने भेंट मुलाकात के जरिए युवाओं से सीधे संवाद किया और उसके बाद बस्तर विधानसभा में करपावंड में जाकर संकल्प शिविर में कार्यकर्ताओं से सीधे मुलाकात की. अपने दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री बस्तर जिले के दो विधानसभा में आयोजित संकल्प शिविर में शिरकत करने पहुंचे. संकल्प शिविर के पहले उन्होंने नारायणपुर विधानसभा के भानपुरी स्थित कांग्रेस भवन का उद्घाटन किया और उसके बाद चित्रकूट विधानसभा के तोकापाल में आयोजित किए गए संकल्प शिविर में पहुंचे.संकल्प शिविर के शुरुआत में मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई, जिसमें उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस पार्टी के लिए हमेशा समर्पित रहने और विधानसभा व लोकसभा चुनाव में किसी भी व्यक्ति को टिकट मिलने पर उसके लिए पूरी ईमानदारी से काम करने के लिए शपथ दिलवाई.

उस वक्त जब भूपेश बघेल पीसीसी अध्यक्ष होने के नाते रायपुर से बस्तर के लिए रवाना होते थे तो बस्तर आईजी का बयान आता था कि अगर भूपेश बघेल बस्तर आएंगे तो फिर से दूसरा झीरम कांड हो सकता है.

साथ ही साथ अपने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के द्वारा दी गई लाइन नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का जिक्र भी इस शपथ ग्रहण में कार्यकर्ताओं के बीच घोषणा करवाया. शपथ के बाद मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार नहीं थी और वह पीसीसी अध्यक्ष हुआ करते थे तब बस्तर की स्थिति काफी बदहाल हुआ करती थी. कवासी लखमा क्षेत्र के विधायक हुआ करते थे और आलम यह था कि दिन में भी उनके क्षेत्र में जाना संभव नहीं था.

Advertisement
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर बदल रहा है अब यहां फर्जी मुठभेड़ नहीं होती. बस्तर में आज नक्सली हैं तो पर बस किनारे-किनारे कुछ इलाकों में.


मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमने न केवल कानून व्यवस्था में सुधार किया है बल्कि बस्तर के आदिवासियों की जीवन शैली में भी सुधार किया. इसके साथ ही उन्होंने वन उपज के वैल्यू एडिशन बढ़ाने और पहली बार आदिवासियों की अधिग्रहण की गई जमीनों को वापस करने का जिक्र किया. 

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा-  जब केदार कश्यप शिक्षामंत्री हुआ करते थे तब उन्होंने कई स्कूलों को बंद करवा दिया. हमारी सरकार ने बंद स्कूलों को फिर से खुलवाया और आत्मानंद स्कूल और मॉडल कॉलेज बनाया जिससे कि हमारे बच्चे भी अंग्रेजी में बात कर पाएं.

भाजपा की सरकार पहले राशन कार्ड बनाती थी फिर चुनाव के बाद उन्हीं कार्डों को निरस्त कर दिया करती थी, पर जब से कॉंग्रेस की सरकार आई है तब से आज तक एक भी राशन कार्ड निरस्त नहीं किये गए. पुरानी सरकार डराती थी यदि धोखे से फिर से भाजपा की सरकार आ गई तो आपके राशन कार्ड को फिर से निरस्त कर देगी.

हम अपनी जनता को सीधे पैसे देंगे, जिससे वह अपनी पसंद का सामान खरीद सकें. आज हमने 160000 करोड़ रुपए अपनी जनता के जेब में सीधे डालें. पुरानी सरकार पैसे देने में भी कमीशन लेने का काम किया करती थी.

ये लड़ाई मैं अकेला नहीं लड़ सकता आप सभी को जिम्मेदारी अपने कंधों में उठाना होगा

मुख्यमंत्री के द्वारा छत्तीसगढ़ के सभी 90 विधानसभा सीटों में जाकर संकल्प शिविर किए जाने का मुख्य उद्देश्य है कि विधानसभा में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरना .जिससे कि वह आने वाले चुनाव में जमीनी स्तर पर पूरी ईमानदारी से काम कर सकें. इसी उद्देश्य से आज चित्रकूट विधानसभा में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा यह लड़ाई हम सब की है मैं इसे अकेले नहीं लड़ सकता 

पीसीसी अध्यक्ष ने चित्रकोट की धरती को किया प्रणाम

संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री के साथ पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज भी पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत इसी चित्रकूट की धरती से किया था. इसलिए वह इस धरती को प्रणाम करते हैं. दीपक बैज ने बताया कि जब वह पहली बार चित्रकूट से विधायक चुने गए थे, तब राज्य में भाजपा की सरकार थी और चित्रकूट विधानसभा की स्थिति काफी दयनीय थी. ऐसे में उनके द्वारा विपक्ष में रहकर भी लगातार सरकार से लड़कर अपने क्षेत्र की जनता के लिए काम किया. जिस तरह वह विपक्ष में रहकर क्षेत्र की जनता के लिए काम कर रहे थे आज भी वह उसी तेवर से अपनी क्षेत्र की जनता के लिए खड़े हैं.

Advertisement
दीपक बैज ने  2018 के एक किस्से का जिक्र करते हुए कहा कि जब विधानसभा चुनाव की शुरुआत हो रही थी, तब उन पर विपक्षी दल के द्वारा यह दबाव बनाया जा रहा था कि उन्हें दूसरे दल में चले जाना चाहिए. साथ ही साथ बस्तर में पदस्थ एक कलेक्टर ने भी उन्हें यही सुझाव दिया था.

मुख्यमंत्री ने कहा पार्टी पूरी तरह चुनाव की तैयारी में जुट गई है

संकल्प शिविर के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से मुलाकात में कहा कि पूरे 90 विधानसभा सीटों में कार्यकर्ताओं को बूस्ट करने के लिए इस तरह से संकल्प शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं. वहीं अब केंद्र से बड़े नेताओं का भी लगातार छत्तीसगढ़ में दौरा शुरू हो गया जिसमें बीते दिनों प्रियंका गांधी बस्तर के दौरे पर रही और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बीते दिनों जांजगीर चंपा के दौरे में रहे. बहुत जल्दी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राहुल गांधी  का दौरा फिर से छत्तीसगढ़ में होना है. जिसे लेकर रायपुर में बहुत जल्द वेणुगोपाल के द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक की जानी है. मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 से 22 तक सभी ब्लॉक अध्यक्षों के पास जो भी चुनाव लड़ना चाहते हैं. वह अपना आवेदन कर सकते हैं. जिसे ब्लॉक अध्यक्ष एकत्रित कर पीसीसी को देंगे.इस तरह अब कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से आगामी चुनाव को लेकर कमर कर चुकी है.


MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.